भारत ने आज शुक्रवार को पाकिस्तान पर आरोप लगाया है कि लश्कर-ए-तैयबा के अमेरिका में गिरफ्तार दो सदस्यों का स्पष्ट संबंध पाकिस्तान से है. अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने डेविड कोलमैन हैडली और तहव्वुर हुसैन राना को भारत पर हमले के षड़यंत्र के संबंध में गिरफ्तार किया था.
गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने हैदराबाद में पत्रकारों से कहा, "इसका पाकिस्तान से सीधा संबंध है. डेविड कोलमैन हैडली कई बार पाकिस्तान गया था. और मुझे लगता है कि एफबीआई की सूचना के आधार पर पाकिस्तान में इस संबंध में दो या तीन संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया गया है.
हालांकि भारतीय प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने स्वीडन के प्रधानमंत्री के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस मामले में पाकिस्तान ने अभी तक भारत को कोई सूचना नहीं दी है.
लश्कर-ए-तैयबा के इशारे पर नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने का षड़यंत्र रचने के आरोप में एफबीआई ने लश्कर-ए-तैयबा के अमेरिका स्थित दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. अभी इन पर एक अमेरिकी न्यायालय में मुकदमा चलाया जा रहा है.