उत्तर प्रदेश राज्य के इलाहाबाद शहर में जन्मी शोभा बेरी को संगीत विरासत में मिला. उनकी माता संगीत अध्यापिका थीं, जिन्होंने गायन के साथ साथ शोभा को नृत्य की शिक्षा भी दिलवाई. शोभा ने भारत में कई जगह पर शास्त्रीय संगीत और कत्थक तथा भरत नाट्यम के कार्यक्रम मंच पर किये.बचपन में ही प्रयाग संगीत समिति से गायन में संगीत प्रभाकर की डिग्री ले ली थी, संपूर्ण भारत में तीसरे स्थान के साथ.आल इन्डिया रेडियो इलाहाबाद के “बाल वाटिका” कार्यक्रम में उन्होंने बाल संगीत कलाकार के रूप में प्रवेश किया. उनके बारे में लेख इलाहाबाद के अमृत बाज़ार पत्रिका में “ये हैं हमारे बाल कलाकार” स्तंभ में प्रकाशित हुआ. लेकिन “बाल वाटिका” में प्रसारित “आश्चर्य लोक में एलिस” धारावाहिक नाटक ने शोभा की दिशा बदल दी जिसमें उन्होंने एलिस की भूमिका की थी. संगीत कलाकार की जगह शोभा “बाल वाटिका” की प्रमुख कलाकर बन गईं यहां तक कि जब उन्होंने आल इन्डिया रेडियो में काम करना शुरू किया तो वह भी नाटक कलाकार के रूप में.बच्चों के कार्यक्रम से शोभा युवा कार्यक्रम में, नाटकों में, महिलाओं के कार्यक्रम “गृह लक्ष्मी” में और पत्रावलि में आ गईं.और अंग्रेज़ी साहित्य में एम.ए. के दौरान भी वह आल इन्डिया रेडियो, इलाहाबाद में काम करती रहीं.सन 1966 में शोभा का विवाह तय हुआ, ऐसे व्यक्ति से जो अमेरिका में थे, वीज़ा की समस्या के कारण विवाह करने भारत नहीं जा सकते थे, इसलिये शोभा को अमेरिका आना पड़ा.
शोभा अमरीका आईं तो भारत के श्रोताओ से मुख़ातिब होने की लगन भी उनके साथ आई.वह वी.ओ.ए. में पहले पार्ट टाइम काम करती रहीं और सन 1989 में वह स्टाफ़ में आ गईं . वी.ओ.ए. में आने के बाद शोभा को “कार्यक्रम प्रस्तुति में विशिष्टता” के दर्जनों पुरस्कार मिल चुके हैं जिनमें तीन बार “विशेष उपलब्धि पुरस्कार” भी शामिल है. श्रोताओ से उनके लगाव का एक और परिचायक है यह तथ्य कि उन्होंने श्रोताओ के पत्रों के उत्तर देने का कार्यक्रम जो सन सत्तर में पकड़ा, उसे रेडियो प्रसारण बन्द होने तक नहीं छोड़ा.
अपने ख़ाली समय में शोभा थोड़ी बहुत सिलाई कर लेती हैं, तरह तरह के खाने बनाने का शौक है, इसलिये छुट्टी वाले दिन अधिकतर समय रसोई में ही बीततेहैं. हिन्दी फ़िल्में और टी.वी. सीरियल भी कभी कभी देख लेती हैं. वह कहती हैं कि “इससे मैं अपने आपको भारत से जुड़ी महसूस करती हूं, जहां मेरे श्रोता और पाठक हैं ।”
इन दिनों शोभा वी.ओ.ए हिन्दी के वेब पेज का संपादन कर रही हैं.