कोलकाता के रेड लाइट इलाके की सेक्सकर्मियों के अनुभवों पर बने वृत्तचित्र बोर्न इनटू ब्रोथेल्स को सोमवार को सर्वश्रेष्ठ वृत्त चित्र के लिए ऑस्कर पुरस्कार दिया गया ।
पुरस्कार लेते हुए वृत्त चित्र की निर्माता और निर्देशक ज़ाना ब्रिस्की ने कहा कि हम कोलकाता के उन बच्चों को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने इसमें काम किया । उन्होंने श्री रॉस कोफमान के साथ मिलकर यह वृत्तचित्र बनाया है ।
सुश्री ब्रिस्की एक फोटो जर्नलिस्ट हैं, जो वेश्यावृत्ति पर फिल्म बनाने के इरादे से कोलकाता आई थीं । सोनागाछी की वेश्याओं के अनुभवों को फिल्माने के दौरान उनकी बहुत सारे बच्चों से दोस्ती हो गई । उन्होंने वेश्याओं के इन बच्चों को कैमरा देने का फैसला किया ताकि वे उस दुनिया की तस्वीरें खींचे, जिसमें वे रहते हैं । इसका परिणाम बहुत आश्चर्यजनक रहा और बच्चों ने अपनी कठोर दुनिया की अनूठी और मर्मस्पर्शी तस्वीरें खींची ।
हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार के लिए इस वृत्तचित्र की प्रतिस्पर्धा सुपर साइज़ मी, द स्टोरी ऑफ द वीपिंग कैमल, टुपैक:रिसरेक्शन और ट्विस्ट ऑफ फेथ वृत्तचित्रों से थी ।