 |
| Peter Cordingley . |
इंडोनेशिया में बर्ड फ्लू से होने वाली इंसानी मौतों की संख्या बढ़ने और कई एशियाई देशों में पोल्ट्री में बर्ड फ्लू फैलने से पूरे क्षेत्र को सावधान कर दिया गया है । विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि एशिया, अफ्रीका और यहां तक कि यूरोप को भी इस संकट के लिए तैयार रहना चाहिए ।
वियतनामी अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि देश के दक्षिण में सातवें प्रांत में भी बर्ड फ्लू फैल गया है । पिछले महीने वियतनाम के मेकोंग क्षेत्र में बर्ड फ्लू फैलने के कारण लाखों पक्षियों को मारना पड़ा था ।
थाई पशु अधिकारियों ने कहा है कि पिछले 6 महीनों में एक उत्तरी प्रांत में पोल्ट्री में बर्ड फ्लू का पहला संक्रमण फैलने के बाद उन्होंने बत्तखों को मार दिया है ।
जापान में रविवार को एक दक्षिणी पोल्ट्री फार्म में हजारों चूजों को मारना शुरू कर दिया गया, क्योंकि उन्हें बर्ड फ्लू से संक्रमित पाया गया था । हांगकांग में पिछले शनिवार को एक पक्षी मृत पाया गया था और संदेह है कि वह बर्ड फ्लू के घातक एच5एन1 विषाणु से संक्रमण के कारण मरा था । दो हफ्तों में बर्ड फ्लू का यह दूसरा मामला था ।
बर्ड फ्लू से कई लोग भी मारे गए हैं । पिछले हफ्ते इंडोनेशिया में बर्ड फ्लू से चार लोगों की मौत हो गई थी । एक मृतक के बेटे और पति का बर्ड फ्लू के लक्षणों के लिए उपचार किया जा रहा है । परंतु अधिकारियों ने कहा है कि एक से दूसरे इंसान में संक्रमण फैलने का कोई सबूत नहीं मिला है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मनीला स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के प्रवक्ता पीटर कोर्डिंगले का कहना है कि हाल में सामने आए बर्ड फ्लू के मामलों से साबित होता है कि एशिया को सतर्क रहने की जरूरत है ।
उन्होंने कहा कि हम पिछले साल की पुनरावृत्ति देखने के लिए तैयार हैं और अगर पिछले साल की तरह ही यह विषाणु फैलता है तो हमें हैरानी नहीं होगी । पिछले साल यह एशिया से बाहर जाकर मध्य-पूर्व और यूरोप तथा अफ्रीका के कुछ हिस्सों में फैल गया था । हम मिस्र में लोगों के बर्ड फ्लू से संक्रमित होने के मामले पहले ही देख चुके हैं । हाल ही में उत्तरी नाइजर में भी पोल्ट्री में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं । इसलिए हमें संदेह है कि यह विषाणु उसी प्रकार फैल सकता है, जैसे पिछले साल फैला था ।
श्री कोर्डिंगले ने कहा है कि लोगों को संक्रमित पोल्ट्री के सम्पर्क में रहने के खतरों के बारे में शिक्षित करना जारी रहना चाहिए । खासकर इंडोनेशिया में, जहां बर्ड फ्लू से पहले ही 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है ।
परंतु बहुत से एशियाई देश पिछले साल की तुलना में इस रोग का सामना करने के लिए अब ज्यादा तैयार हैं । बैंकॉक में संयुक्तराष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन में बर्ड फ्लू विशेषज्ञ डेनिस हॉफमेन का कहना है कि निगरानी और नियंत्रण मशीनरी में बेहद सुधार आया है ।
उन्होंने कहा कि जिन देशों में अभी यह रोग देखा भी नहीं गया है, उन्हें भी आपातकालीन योजनाएं बनाने के लिए मदद दी गई है । वे अपने आयात और निर्यात पर नजर रख रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार के जरिये यह रोग न आए, जो शायद इसके प्रसार का एक बड़ा कारण है ।
मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन की बैठक में बर्ड फ्लू का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था । नेताओं ने क्षेत्र में बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिए एक रोड मैप की पुष्टि की थी, जिसके तहत परस्पर जानकारियों का आदान-प्रदान करना शामिल था ।