(वी.ओ.ए. न्यूज़)
थाइलैंड के पशु विभाग के अधिकारियों ने इस साल देश में तीसरी बार बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि की है । इस बार देश के मध्य क्षेत्र में चूज़ों में यह रोग फैला है ।
उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में आंग थोंग प्रांत में कम से कम छह चूज़ों में घातक एच5एन1 बर्ड फ्लू विषाणु पाया गया है ।
दूसरी बार बीमारी फैलने की पुष्टि पिछले हफ्ते लाओस की सीमा से लगे उत्तरपूर्वी प्रांत, नोंग खाई में की गई थी ।
15 जनवरी को अधिकरियों ने उत्तरी थाइलैंड के फिटसानूलोक प्रांत में बत्तखों में यह विषाणु पाये जाने की जानकारी दी थी । करीब 6 महीनों बाद देश में पहली बार यह रोग पाया गया था ।
2004 में बर्ड फ्लू रोग फैलने के बाद, थाइलैंड में 25 व्यक्तियों में यह रोग पाया गया था, जिनमें से 17 की मौत हो गई थी ।