 |
| Chickens on a farm |
ब्रिटेन के एक फार्म में बर्ड फ्लू फैल गया है और लगभग 16,0000 पक्षियों को मारा जा सकता है । यह जानकारी देते हुए ब्रिटिश अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि इंसानों में इस बीमारी के फैलने का खतरा बहुत कम है ।
अधिकारी यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि यह रोग घातक एच5एन1 विषाणु की वजह से फैला है कि नही, जो इंसानों की मौत का कारण बन सकता है ।
आज बी.बी.सी. ने पर्यावरण, खाद्य एवं ग्रामीण मामलों के मंत्रालय की प्रवक्ता के हवाले से जानकारी दी कि गुरूवार को पशु चिकित्सकों को सफ्फोक फार्म में बुलाया गया था । बी.बी.सी. के अनुसार इस फार्म में अब तक बर्ड फ्लू से 2,600 टर्कियों की मौत हुई है ,जिनमें एच5 विषाणु पाया गया है ।
प्रवक्ता ने बताया कि बर्ड फ्लू पक्षियों को होने वाला रोग है और यह इंसानों में बहुत कम फैलता है और संक्रमित पक्षियों के बेहद नजदीकी संपर्क में आने से ही फैल सकता है । उसने कहा कि अगर इन पक्षियों में एच5एन1 की पुष्टि हुई तो इन्हें मार दिया जाएगा ।
इस फार्म को कड़ी निगरानी में रखा जा रहा है और इसके आसपास 3 किलोमीटर सुरक्षा क्षेत्र और 10 किलोमीटर सर्वेक्षण क्षेत्र निर्धारित किया जाएगा । मृत पक्षियों के नमूनों की जांच वेब्रिज, सरे की वेटरीनरी लेबोरेटरिज एजेंसी में की जा रही है ।
इस खतरे की जानकारी एक किसान ने अपने कई पक्षियों के मारे जाने के बाद दी थी ।
पिछले साल मई में नॉरफोक के फार्मों में बर्ड फ्लू के एच7 विषाणु के फैलने के बाद 50,000 से ज्यादा चूज़ों को मार दिया गया था ।