 |
| Laboratory samples being prepared during development of a bird flu vaccine |
इंडोनेशिया ने कहा है कि वह विश्व स्वास्थ्य संगठन को बर्ड फ्लू के नमूने तभी देगा, जब यह संगठन इन नमूनों को व्यावसायिक टीका निर्माताओं को देने से पहले उसकी अनुमति लेगा ।
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सिती फादीलाह सुपारी ने कहा कि इंडोनेशिया यह सुनिश्चित करना चाहता है कि जो भी टीका बनाया जाए, वह उसके लोगों की पहुंच में हो ।
सरकार को चिंता है कि उसके एच5एन1 विषाणु के नमूनों को टीके बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जो ज्यादातर गरीब इंडोनेशियाई नागरिकों के लिए बहुत महंगे होंगे ।
पिछले हफ्ते जकार्ता ने घोषणा की थी कि वह अमेरिकी दवा निर्माता कंपनी, बैक्सटर इंटरनेशनल को मानव के लिए टीका विकसित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता के बदले विषाणु की किस्में देने पर सहमत हो गया है ।
विश्व स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि नमूने देना स्वैच्छिक है, लेकिन विभिन्न देशों से मिले नमूनों से वैज्ञानिकों को इस विषाणु के विकास क्रम का पता लगाने में मदद मिलेगी ।
बर्ड फ्लू से दुनिया में 166 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से एक-तिहाई मौतें इंडोनेशिया में हुई हैं । ज्यादातर लोगों को एच5एन1 विषाणु का संक्रमण पोल्ट्री से लगा है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों को आशंका है कि यह विषाणु एक ऐसी किस्म में परिवर्तित हो सकता है, जो आसानी से एक से दूसरे इंसान में फैल सकेगी ।