26 जुलाई, 2007
(वी.ओ.ए न्यूज़)
मणिपुर में बर्ड फ्लू के एच5एन1 विषाणु का संक्रमण फैलने की पुष्टि केंद्र सरकार ने कर दी है और आज राज्य सरकार ने उस फार्म से, जहां यह विषाणु पाया गया था, 5 किमी के दायरे में 1.6 लाख पक्षियों को मारने का काम शुरू कर दिया ।
राज्य के अधिकारियों ने इम्फाल में यह जानकारी देते हुए बताया कि चिंगमाइरोंग के 5 किमी के इलाके में सभी चूजों और अन्य घरेलू पक्षियों को मार दिया जाएगा ताकि बर्ड फ्लू अन्य इलाकों में न फैले ।
राज्य सरकार ने कहा है कि स्थिति बहुत गंभीर है और वह पोल्ट्री मालिकों को उनके चूजे मारने के एवज में मुआवजा देगी । अधिकारियों के अनुसार, इस पर करीब 60 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है ।
चिंगमाइरोंग के एक निजी पोल्ट्री फार्म में 100 से ज्यादा चूजों की मौत हो गई थी और उनसे लिये गए नमूनों के परीक्षण में बर्ड फ्लू के एच5एन1 विषाणु के फैलने का पता चला ।
इम्फाल के बाहरी इलाकों में मंत्रीपुर्खरी के सरकारी पोल्ट्री फार्म में भी लगभग 5,000 चूजे मारे जाएंगे । निजी पोल्ट्री फार्मों में करीब 1.6 लाख पक्षियों के मारे जाने की संभावना है । करीब 128 छोटे पोल्ट्री फार्मों में चूजों और अन्य पक्षियों को मारा जाएगा । आज दिल्ली में कृषि मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा कि पहले 20 दलों को इस काम के लिए मणिपुर के 8 गांवों में भेजा जाएगा ।
उधर चूड़ाचांदपुर जिले से मिली एक खबर के अनुसार, एक निजी फार्म में एक दिन पहले 200 पक्षी मर गए थे । पशु चिकित्सकों को खून के नमूने इकट्ठे करने के लिए इस क्षेत्र में भेज दिया गया है ।