(संवाददाता, वी.ओ.ए न्यूज़)
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि बर्ड फ्लू का खतरा पहले की तरह ही गंभीर बना हुआ है । विश्व स्वास्थ्य संगठन के पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र के सदस्य दक्षिण कोरिया में बर्ड फ्लू से निपटने के उपायों पर विचार कर रहे हैं । दक्षिण कोरिया के जेजू क्षेत्र में हो रही बैठक से वी.ओ.ए संवाददाता कुर्ट अचिन ने खबर दी है कि बहुत से देशों में इस महामारी से निपटने के लिए न्यूनतम व्यवस्था भी नहीं की गई है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के संक्रमणीय रोगों के निदेशक टी. एहसियन ने प्रतिनिधियों को बर्ड फ्लू की स्थिति के बारे में चिंताजनक रिपोर्ट दी ।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में बर्ड फ्लू की स्थिति गंभीर बनी हुई है और इंसान में फ्लू फैलने के खतरे के कम होने का कोई संकेत नहीं है । इसका विषाणु एशिया के बहुत से हिस्सों में अच्छी तरह पैठ गया है और इन चुनौतियों का सामना करने के लिए क्षमता बढ़ानी पड़ेगी ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के सदस्य दक्षिण कोरिया के जेजू शहर में हफ्ते भर की बैठक के दौरान बर्ड फ्लू और कई अन्य स्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा करेंगे । इस मौसम में प्रवासी पक्षी एशिया में एक से दूसरे स्थान पर जाते हैं और फ्लू की एक बेहद संक्रामक और घातक किस्म एच5एन1 का प्रसार करते हैं, जो इंसानों को भी संक्रमित कर सकती है । एशिया में 2003 में यह रोग फैलने के बाद से इस विषाणु के कारण करीब 200 लोग मर चुके हैं ।
इंसानों में ज्यादातर मामलों में बीमार पक्षियों या उनके मल के सम्पर्क में आने से रोग हुआ है, लेकिन एक से दूसरे इंसान में विषाणु फैलने के कुछ मामले भी दर्ज किये गए हैं, जिन्हें लेकर वैज्ञानिक चिंतित हैं ।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि एच5एन1 विषाणु परिवर्तित होने के बहुत करीब है, जिससे यह आसानी से एक से दूसरे इंसान में फैल सकता है । ऐसा हुआ तो दुनिया भर में महामारी फैल सकती है और लाखों लोग मारे जा सकते हैं ।
अधिकारी इस रोग का जल्दी पता लगाने के लिए एक क्षेत्रीय प्रणाली बनाने पर काम कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि इससे भी बड़ी चुनौतियां हैं । न्यूज़ीलैंड के स्वास्थ्य मंत्री पीट हॉग्सन ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे बहुत महत्वपूर्ण हैं ।
उन्होंने कहा कि अगर आपके पास बहुत अच्छी सुनियोजित स्वास्थ्य प्रणाली है और आपका संचार तंत्र खराब हो जाता है या बिजली प्रणाली में खराबी आ जाती है या वित्तीय व्ववस्था असफल हो जाती है या जरूरत पड़ने पर पुलिस अपनी बैरकों से बाहर नहीं आती तो बहुत सारे लोग मर सकते हैं ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बर्ड फ्लू की महामारी फैलने पर रोगियों को अलग रखने और टामीफ्लू दवाई का वितरण करने के निर्देश दिये हैं, लेकिन उसके प्रवक्ता पीटर कोर्डिंग्ले का कहना है कि विश्व अब भी इसके लिए तैयार नहीं है ।
उन्होंने कहा कि अगर कभी महामारी फैली तो पर्याप्त टामीफ्लू कभी उपलब्ध नहीं होगी । इसलिए सभी देशों को जानना चाहिए कि महामारी की स्थिति में उनकी अपनी प्राथमिकताएं क्या होंगी और उन्हें कुछ कठिन फैसले लेने होंगे ।
इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन ने फ्लू की महामारी और जन-स्वास्थ्य के लिए अन्य खतरों का सामना करने के लिए अपने सदस्यों के लिए कानूनी दिशा-निर्देश पारित किये थे । सदस्यों को 2010 तक ये नियम लागू करने होंगे ।