(वी.ओ.ए न्यूज़)
कृषि एवं खाद्य मंत्री शरद पवार ने कहा है कि भारत में कल बर्ड फ्लू फैलने की जानकारी मिलने के बाद विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन की ओर से पोल्ट्री उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने की कोई सलाह नहीं मिली है ।
श्री पवार ने कहा कि अभी तक हमें अपने पोल्ट्री उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने का कोई परामर्श नहीं मिला है ।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कल फ्रांस स्थित विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन को इस रोग के फैलने के बारे में जानकारी दे दी थी और हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं । एहतियात के तौर पर केंद्र सरकार ने पहले ही पश्चिम बंगाल से पोल्ट्री के व्यापार और आवाजाही पर रोक लगा दी है । कल पश्चिम बंगाल के बीरभूम और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में इस अतिसंक्रामक रोग के स्थानीय पोल्ट्री फार्म में पाए जाने की जानकारी मिली थी ।
श्री पवार ने कहा कि यह जानकारी मिलने के बाद राज्य में करीब 4 लाख पक्षियों को मार दिया गया है । इन जिलों में और इनके आस-पास के स्थानों को भी इस घटना के बारे में सतर्क कर दिया गया है ।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत से 2005-06 के दौरान 167 करोड़ रुपये के पोल्ट्री उत्पादों का निर्यात हुआ था ।
इंसानों पर इस रोग का प्रभाव पड़ने के बारे में पूछे जाने पर श्री पवार ने कहा कि बर्ड फ्लू से किसी इंसान के संक्रमित होने की कोई खबर नहीं मिली है और स्थिति नियंत्रण में है ।