पश्चिम बंगाल के तीन जिलों के कुछ अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पक्षियों के मरने की खबरें मिली हैं, जबकि आज तीसरे दिन भी बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिए हजारों चूजों को मारने का काम जारी रहा । मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने स्थिति को बेहद गंभीर बताया है ।
बर्दवान, मुर्शिदाबाद और बांकुरा जिलों से, जो पहले बर्ड फ्लू से प्रभावित नहीं हुए थे, हजारों चूजों के मरने की खबरें आई हैं, हालांकि बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है । अधिकारियों ने कहा है कि मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए कोलकाता भेजे गए हैं और जरूरत पड़ी तो उन्हें भोपाल के उच्च सुरक्षा रोग अस्पताल भेजा जाएगा ।
मुख्यमंत्री भट्टाचार्य ने पत्रकारों को बताया कि स्थिति बहुत गंभीर है । उन्होंने कहा कि हमें प्रभावित जिलों में चार लाख पक्षियों को मारना होगा । इसके लिए हमने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है ।
आज कोलकाता के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में कुछ कौवे और उल्लू मृत पाए जाने से डर फैल गया, लेकिन श्री भट्टाचार्य ने स्थिति को सामान्य बताते हुए कहा कि लोगों को चिंता नहीं करनी चाहिए ।
उन्होंने कहा कि कोलकाता में किसी भी पोल्ट्री में यह रोग फैलने की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है ।
मुर्शिदाबाद में मंगलवार से 10,000 चूजे मर चुके हैं, जबकि बर्दवान में पिछले सात दिनों में 2,000 चूजे मर गए हैं । कल बांकुरा में 400 बीमार पक्षियों को मारा गया था ।
मुख्यमंत्री भट्टाचार्य ने कहा कि लोगों के प्रभावित होने की कोई खबर नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर बर्दवान, बांकुरा और पूर्व मिदनापुर जिलों के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और प्रखंडीय अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखे जा रहे हैं ।