 |
| birdflu_chickens_200 |
इंडोनेशिया में एक आठ-वर्षीय लड़के की बर्ड फ्लू से मौत हो गई ।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बच्चे के पड़ोसी मुर्गियां पालते थे और वे यह जांच कर रहे हैं कि क्या ये मुर्गियां संक्रमित थीं ।
इंडोनेशिया में इस रोग से मरने वालों की संख्या अब 97 हो गई है और किसी अन्य देश की तुलना में यहां बर्ड फ्लू से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं ।
उधर युक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि क्रीमियन प्रायद्वीप में बर्ड फ्लू का घातक एच5एन1 विषाणु फैल गया है । रिवने गांव के एक फार्म में 150 से ज्यादा चूजे मृत पाए गए । अधिकारियों ने नगर को सील कर दिया है ।
पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल राज्य में स्वास्थ्य कर्मचारी इस रोग के प्रसार को रोकने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें 4 लाख चूजों को मारने का आदेश दिया गया है । संक्रमण के खतरों के बावजूद स्थानीय पोल्ट्री मालिक मुर्गियों का पालन कर रहे हैं और मृत चूजों को तालाबों में फेंक रहे हैं, जिससे रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि 2003 में एशिया में बर्ड फ्लू का विषाणु पाए जाने के बाद इस रोग से 200 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं । शोधकर्ताओं को डर है कि यह विषाणु ऐसी किस्म में परिवर्तित हो सकता है, जो एक से दूसरे इंसान को संक्रमित कर सकती होगी ।
इंडोनेशिया के विश्राम स्थल बाली में मार्च में छठा अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फ्लू शिखर सम्मेलन होगा, जहां वैज्ञानिक, आपातकालीन कार्यकर्ता और पोल्ट्री उद्योग के नेता इस स्थिति पर विचार-विमर्श करेंगे ।