वायस औफ़ अमेरिका  ▪ Hindi
हमें सुने, सब कुछ जानें

केवल आलेख
खोजने के लिए यहां क्लिक करें

 
भारत के दार्जिलिंग, उत्तर प्रदेश के जिले में बर्ड फ्लू फैलने का डर

31/01/2008

Bird 2
(वी.ओ.ए न्यूज़)

आज पश्चिम बंगाल के पर्यटन स्थल दार्जिलिंग में कुछ चूजों के मरने से बर्ड फ्लू की दहशत फैल गई, जबकि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में इस आशंका के चलते 2,500 पक्षियों को मार दिया गया है ।

 

केंद्र सरकार ने कहा है कि वह बर्ड फ्लू की दवाइयों और अन्य एहतियाती उपकरणों के लिए अमेरिका से मदद लेने की संभावना पर विचार करेगी ।

 

उधर पश्चिम बंगाल के पशु संसाधन विकास मंत्री अनिसुर रहमान ने कहा है कि चूंकि हर रोज बर्ड फ्लू का दायरा बढ़ रहा है, इसलिए यह कहना संभव नहीं है कि राज्य में कितने चूजों को मारना पड़ेगा, परंतु उन्होंने कहा कि मानवीय संक्रमण का कोई मामला नहीं है  

 

कल पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से लगे नॉर्थ 28 परगना जिले में करीब 4,000 चूजों के मरने के बाद मंत्रालय ने चूजों को मारने का लक्ष्य बढ़ा कर 27 लाख कर दिया था ।

 

हालांकि राज्य सरकार बार-बार यह आश्वासन दे रही है कि बर्ड फ्लू नियंत्रण में है, पर लगता है कि यह रोग कोलकाता की तरफ बढ़ रहा है, क्योंकि पिछले तीन दिनों में शहर से 5 किमी दूर महेसताल नगरपालिका क्षेत्र में एक पोल्ट्री में 500 चूजों की मौत हो गई और संदेह है कि इसका कारण बर्ड फ्लू है ।

 

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जिन चूजों को मारा गया, वे पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले से भेजे गए थे और कल वाराणसी पहुंचे थे । अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और अधिकारियों को सावधान कर दिया गया है ।

 

दार्जिलिंग के मजिस्ट्रेट राजेश पांडे ने कल रात उत्तर बंगाल के ताकदाह गांव में 38 चूजों के मरने की जानकारी दी है । उनके खून के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं और जांच के परिणाम मिलने के बाद प्रशासन इस बारे में कदम उठाएगा ।

 

उधर विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि अगर बर्ड फ्लू की महामारी रोकने के लिए कोई नई दवाई या उपकरण या रसायन उपलब्ध हैं तो भारत को अमेरिका की सहायता की जरूरत पड़ेगी ।

 

उधर केंद्र सरकार ने हरियाणा के पोल्ट्री फार्म में कई सौ चूजों के मरने की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार से मृत पक्षियों के नमूनों को बर्ड फ्लू विषाणु की जांच के लिए भेजने के लिए कहा है ।

 

केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय के सचिव प्रदीप कुमार ने आज नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि हरियाणा सरकार ने जींद जिले के एक पोल्ट्री फार्म में कई सौ पक्षियों के मरने की जानकारी दी है । हालांकि राज्य सरकार ने वहां के कृषि विश्वविद्यालय में नमूनों की जांच कराई है, जिससे पता चला है कि उनमें बर्ड फ्लू का विषाणु नहीं पाया गया, लेकिन फिर भी हमने इसकी और अधिक जांच के लिए ये नमूने भोपाल की विशेष प्रयोगशाला में भेजने के लिए कहा है ।

 

हरियाणा सरकार के अनुसार, इन चूजों की मौत ई कोली नामक बैक्टीरिया के संक्रमण से हुई है ।

emailme.gif यह आलेख ई मेल करें
printerfriendly.gif प्रिंट करने के पहले यहां देखें

  सबसे महत्वपूर्ण
तूफान से बेघर हुए बर्मा के हजारों लोगों का पलायन

  अन्य रिपोर्टें
पूर्वी क्षेत्र में सत्ताधारी पार्टी जीती- श्रीलंका सरकार
उत्तरी लेबनान में लड़ाई छिड़ी, बेरुत शांत
इराक में अमेरिकी फौजों के हाथों एक महिला, एक बच्चे और दो बंदूकधारी की मौत
बर्मा में तूफान के संकट के बावजूद संवैधानिक जनमत संग्रह कराया गया
राष्ट्र संघ ने पैसे की कमी के कारण इराकी शरणार्थियों के लिए सहायता बंद होने की चेतावनी दी
प्रणब मुखर्जी ने अमेरिकी विदेश मंत्री को परमाणु समझौते की कठिनाइयों की जानकारी दी
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने दाऊद का प्रत्यर्पण करने के भारत के अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया
विशेषज्ञों ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान के बारे में अमेरिकी नीति पर चिंता जताई
प्रतिनिधि चुनते हैं राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार