 |
| Pakistani officials from the agriculture department take away H5N1 affected chickens after they were culled, at a poultry farm on the outskirts of Karachi, 01 Feb 2008 |
आज पाकिस्तान ने कराची में बर्ड फ्लू फैलने की जानकारी दी, जिसके कारण अधिकारियों ने इस शहर के पोल्ट्री फार्म में बड़ी संख्या में पक्षियों को मार दिया, जहां इस हफ्ते के शुरू में बर्ड फ्लू से 5,500 चूजे मर गए थे ।
पाकिस्तान पोल्ट्री एसोसियेशन के अनुसार, इस फार्म में मरे पक्षियों के नमूनों में बर्ड फ्लू का एच5एन1 विषाणु पाया गया है । इस फार्म में मरे 5,500 पक्षियों के नमूनों को इस्लामाबाद की एक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था, जहां बर्ड फ्लू रोग की पुष्टि हुई ।
अधिकारियों ने बताया कि आज इस फार्म के बाकी चूजों को मारने के लिए टीमें भेजी गई थीं ।
हालांकि इस क्षेत्र में कई अन्य पोल्ट्री फार्म हैं, लेकिन अभी तक किसी में भी बर्ड फ्लू नहीं पाया गया है । स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा अधिकारी इन फार्मों में पक्षियों और मनुष्यों, दोनों का परीक्षण करने गए और उन्होंने बताया कि इंसान में फ्लू का संक्रमण होने का कोई मामला नहीं मिला है ।
पोल्ट्री फार्म के मालिकों को सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया है, जिनमें कर्मचारियों को दस्ताने मुहैया कराना और उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच कराना शामिल है ।
पाकिस्तान ने पिछले दो वर्षों में बर्ड फ्लू के कई मामलों की जानकारी दी है । पिछले वर्ष दिसंबर में छह व्यक्ति इस विषाणु से संक्रमित हो गए थे और उनमें से कम-से-कम 2 की मौत हो गई थी ।