 |
| A chicken vendor waits for customers at a market in Jakarta, 16 August 2007 |
इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि बर्ड फ्लू से एक 31-वर्षीय महिला की मौत हो गई है, जिससे देश में इस रोग से मरने वालों की संख्या 102 हो गई है ।
अधिकारियों ने बताया कि देर गुरुवार को जकार्ता के एक अस्पताल में इस महिला की मौत हुई । इस साल इस रोग से मरने वाली वह कम-से-कम 7वीं व्यक्ति है ।
उन्होंने बताया कि यह महिला जकार्ता से बाहर के शहर टांगेरांग की थी और वह फार्मों के पिछवाड़े बसे मोहल्ले में रहती थी, जो पोल्ट्री बेचने वाले एक पारंपरिक बाजार के पास है ।
इंडोनेशिया में ज्यादातर मामले संक्रमित पोल्ट्री के संपर्क में आने के कारण हुए हैं ।
2003 के अंत में दक्षिण पूर्व एशिया में इस रोग का प्रसार शुरू होने के बाद से किसी अन्य देश की तुलना में बर्ड फ्लू से सबसे ज्यादा लोग इंडोनेशिया में मरे हैं ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि 2003 से दुनिया भर में बर्ड फ्लू के घातक एच5एन1 विषाणु से 224 लोगों की मौत हुई है ।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों को डर है कि यह ऐसी किस्म में परिवर्तित हो सकता है, जो आसानी से मनुष्यों के बीच फैल सकती होगी और जिससे दुनिया में महामारी फैल जाएगी ।