(वी.ओ.ए न्यूज़)
 |
| President Pervez Musharraf |
पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने अगले हफ्ते राष्ट्रीय असेंबली की बैठक आयोजित की है और उन पार्टियों को आमंत्रित किया है, जिन्होंने पिछले महीने हुए संसदीय चुनावों में उनके सहयोगियों को हरा दिया था ।
राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ ने 17 मार्च को संसद का आयोजन करने के लिए कहा है, जहां उनका सामना देश की भावी गठबंधन सरकार के सदस्यों से होगा । पाकिस्तान पीपल्स पार्टी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) ने रविवार को साथ मिलकर देश पर शासन करने के समझौते का ऐलान किया था ।
पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के नेता आसिफ अली ज़रदारी और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग पार्टी ने कहा है कि उनकी योजना उन वरिष्ठ न्यायाधीशों को बहाल करने की है, जिन्हें पिछले साल श्री मुशर्रफ ने बर्खास्त कर दिया था । इन नेताओं ने कहा है कि वे जल्दी ही उन न्यायाधीशों को बहाल करने का विधेयक पारित करेंगे, जिन्होंने श्री मुशर्रफ के सेनाध्यक्ष रहते हुए राष्ट्रपति का दोबारा चुनाव लड़ने की वैधानिकता को चुनौती दी थी ।
पाकिस्तान पीपल्स पार्टी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग का संसद में बहुमत नहीं है, इसलिए राष्ट्रपति पर महाभियोग लगाने की उनकी क्षमता सीमित हो गई है । परंतु एक छोटी पार्टी, अवामी नेशनलिस्ट पार्टी ने उनके गठबंधन में शामिल होने का फैसला किया है, जिससे संसद में विपक्ष की मत देने की ताकत बढ़ सकती है ।