हैती में एक स्कूल की इमारत गिरने से करीब 50 बच्चों
और अध्यापकों की मौत हो गई । एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि
हादसे के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं ।
शुक्रवार को पोर्ट-ओ-प्रिंस के बाहरी क्षेत्र
पेशन-विले में तीन मंजिला ला प्रोमेसे स्कूल की इमारत सुबह करीब 10.00 बजे अचानक
ढह गई और स्कूल में मौजूद बच्चे तथा अध्यापक सीमेंट के टुकड़ों और लोहे की छड़ों
के मलबे में दब गए ।
अधिकारियों ने बताया कि मलबे में से करीब 50 शव
निकाले गए, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे । करीब 85 घायलों को भी बाहर निकाला गया ।
सिविल प्रोटेक्शन ब्यूरो की सदस्य नाडिया लोचार्ड ने
बताया कि मलबे में अब भी कई बच्चे फंसे हुए हैं । उन्होंने कहा कि उनके जीवित होने
के संकेत मिल रहे हैं और उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है ।
सुश्री लोचार्ड ने कहा कि बचाव कार्य में मदद करने
के लिए फ्रांसीसी अग्निशमन कर्मचारियों को बुलाया गया ।
हैती की राजधानी के उपनगर में चर्च द्वारा चलाए जा
रहे स्कूल में 3 से 20 वर्ष तक की आयु के करीब 700 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन यह
जानकारी उपलब्ध नहीं है कि हादसे के समय स्कूल के भीतर कितने बच्चे थे ।
इस तीन मंजिले स्कूल के ऊपर एक और मंजिल बनाई जा रही
थी, जो गिर गई और इसके साथ ही पास के पांच मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए ।