लोकसभा चुनाव में एक पार्टी की निर्णायक जीत और स्थिर सरकार मिलने की संभावना ने शेयर बाजार में रौनक लौटा दी है. भारतीय पूंजी बाजार के महत्वपूर्ण सूचकांक बीएसई सेंसेक्स में सोमवार को भारी खरीददारी देखी गयी. इसकी वजह से सेंसेक्स में 2,100 अंको का उछाल देखने को मिला...इस अभूतपूर्व तेजी की वजह से अधिकारियों कारोबार में रोक लगानी पड़ी.
सोमवार सुबह बाजार खुलते 1,300 अंक ऊपर चढ़ गया. नियम के अनुसार पिछले दिन की स्थिति से 10% की गिरावट या तेजी होने पर बाज़ार में सर्किट लग जाता है और कारोबार रोक दिया जाता है. सोमवार के कारोबार में सेंसेक्स 17 प्रतिशत यानी 2100 अंक बढ़कर 14,273 पर बंद हुआ.
दूसरे अहम इंडेक्स एनएसई निफ्टी में भी अभूतपूर्व तेजी देखने को मिली. 20% की रिकॉर्ड बढ़त के बाद अधिकारियों ने निफ्टी के कारोबार में दिन भर के लिये रोक लगा दी.
शेयर बाज़ार के जानकार केके मित्तल ने वॉइस ऑफ अमेरिका को बताया कि बड़ी तादाद में विदेशी संस्थागत निवेशक भारतीय पूंजी बाजार में निवेश के लिये सही समय का इंतज़ार कर रहे थे. और उन्हें लगता है कि केंद्र में एक ऐसी स्थायी सरकार का गठन जो आर्थिक सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सके निवेश का सही मौका है.
श्री मित्तल ने कहा "नयी सरकार बनने से अनुकूल माहौल तो बना ही, साथ ही संस्थागत निवेशकों ने भी काफी खरीदारी की है...पिछले 2 महीनों में ही उन्होंने भारत में 2 अरब डॉलर का निवेश किया है...और नई सरकार के गठन के बाद उनके और निवेश करने की उम्मीद है...इसलिये तेजी का ये माहौल कुछ समय तक बना रहेगा. और विदेशी निवेशकों की मांग की वजह से ही डॉलर के मुकाबले रुपया काफी मजबूत हुआ है."
उन्होंने कहा कि बैंकिग, बीमा, पेन्शन जैसे क्षेत्रों में रुकी सुधार प्रक्रिया को सरकार तेजी से आगे बढ़ा सकती है...इसके साथ बुनियादी ढांचे के विकास, टेक्सटाइल और टेलीकॉम जैसे रोजगार परक क्षेत्रों में को भी सरकार सुधारने की कोशिश करेगी.
ग्लोबल कैपिटल मार्केट लिमिटेड के पोर्टफोलियो हेड केके मित्तल के साथ बातचीत सुनने के लिये साथ दिये हुये ऑडियो लिंक पर क्लिक करें.