मंगलवार को एचवनएनवन स्वॉइन फ्लू से 5 और लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि मध्यपूर्व के देश बहरीन में इसका पहला मामला सामने आया है.
मैक्सिकों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया मंगलवार को फ्लू से तीन और लोगों की मौत होने से कुल मरने वालों की संख्या 83 पंहुच गई है. जबकि अमेरिका में फ्लू से एक व्यक्ति की मौत होने से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है. वहीं कैनेडा में एक और व्यक्ति की फ्लू से मौत होने से वहां इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है.
बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को स्वॉइन फ्लू के पहले मामले की पुष्टि की है. अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति 21 वर्षीय छात्र है जो हाल ही में अमेरिका के न्यू यॉर्क राज्य से आया था.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंगलवार को कहा कि अभी तक दुनिया के 46 देशों में स्वॉइन फ्लू के 13,000 मामलों की पुष्टि हुई है और 92 लोगों की इस बीमारी से मृत्यु हो चुकी है.
अभी तक सबसे ज्यादा मौतें मैक्सिकों में हुई हैं. जबकि संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले संयुक्त राज्य अमेरिका से सामने आये हैं. अमेरिका में अभी तक 6,700 रोगियों के स्वॉइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है.