भारत में स्वॉइन फ्लू के हर रोज नये मामले सामने आ रहे हैं. पिछले दो दिनों में महाराष्ट्र के पुणे शहर में फ्लू के पांच संदिग्ध मामले सामने आये हैं.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सिंगापुर से आयी एक तीस वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों को फ्लू के लक्षणों की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया है.
जबकि अमेरिका से आये दो नवयुवकों को भी इसी अस्पताल में भर्ती किया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि इन पांचों के रक्त के नमूनों को जांच के लिये राष्ट्रीय विषाणु प्रयोगशाला भेज दिया गया है.
हालांकि करीब पंद्रह दिन पहले पुण में फ्लू के दो संदिग्ध संक्रमण के मामलों की जांच के बाद पुष्टि नहीं हुई थी.