|
भारत अमेरिका संबंधों को और मज़बूत बनाना चाहूंगी : भारतीय राजदूत मीरा शंकर
|
20/06/2009
|
|
 | | Indian Ambassador to the US Mrs. Meera Shankar | अमेरिका में भारत की नई राजदूत मीरा शंकर चाहती हैं कि भारत अमेरिका सम्बन्ध उनके कार्यकाल के दौरान और मज़बूत हों. वॉयस ऑफ़ अमेरिका हिंदी के साथ ख़ास बातचीत में राजदूत शंकर मानती हैं कि दोनों देशों को आर्थिक, राजनीतिक, कृषि, विज्ञान, तकनीक और शिक्षा के क्षेत्रों में और सहयोग करना होगा. राजदूत शंकर ने ऐसे समय पर भारतीय दूतावास की कमान संभाली है जब ओबामा प्रशासन का ज़्यादा ध्यान भारत के पडोसी देशों अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान पर है. यह पूछे जाने पर कि क्या इसकी वजह से भारत अमेरिका संबंधों पर असर पड़ा है, मीरा शंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के सम्बन्ध अपने बल पर खड़े हैं और कहा अफगानिस्तान और पाकिस्तान की स्थिति भारत के लिए चिंताजनक है और भारत उस पर नज़र रखे हुए है.
मीरा शंकर ने यह भी कहा कि अमेरिका की पाकिस्तान में ज़रूरतों की वजह से भारत पर अमेरिका ने कोई दबाव नहीं डाला है. क्या भारत अमेरिका का सहयोग चाहेगा यह निश्चित करने के लिए कि पाकिस्तान आतंकवाद पर कार्रवाई करेगा चाहे तालिबान हो या लश्कर-ए-तय्यबा, इस सवाल के जवाब में राजदूत शंकर ने कहा कि वह मानती हैं कि पूरी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ लड़ना चाहिए और इस विषय पर भारत और अमेरिका के बीच सहयोग होता है. राजदूत मीरा शंकर ने परमाणु समझौते और भारतीय अमेरिकी समुदाय के सिलसिले में भी बात की. इस विषय पर विडियो देखने के लिए साथ दी हुई लिंक का उपयोग करें..
|