 |
| Bernard Madoff |
वह व्यक्ति, जिन्होंने अमरीका के इतिहास में सबसे बड़ी धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है, बर्नार्ड मैडौफ़, उन्हें न्यूयार्क की एक अदालत ने 150 वर्षों की जेल की सज़ा सुनाई है.
मैडौफ़ की पूंजी निवेश योजना में हज़ारों लोगों ने अपना धन गंवाया, जिनमें से कुछ ने सुनवाइयों में साक्ष्य दिया. कुछ का कहना था कि मैडौफ़ ने उनकी वित्तीय बर्बादी की है. उन्होंने न्यायधीश से मैडौफ़ को लंबे समय के कारावास की सज़ा देने का आग्रह किया था.
मैडौफ़ ने यह कह पूंजीनिवेशकों को लुभाया कि उनकी योजना में धन लगा कर उन्हें अन्य योजनाओं की तुलना में अच्छा ब्याज मिलेगा. लेकिन वास्तव में वह नए पूंजीनिवेशकों के धन से पुराने पूंजीनिवेशकों का धन चुकता कर रहे थे, और उन्हें झूठा आभास दे रहे थे कि उनका धन अच्छा लाभ कमा रहा है.
पिछले सप्ताह न्यूयार्क में एक केन्द्रीय न्यायाधीश ने मैडौफ़ और उनकी पत्नी को विलासपूर्ण आवास और अन्य संपत्ति छोड़ने के आदेश दिए थे, जिसमें उनकी पत्नी के नाम पर जमा की गई आठ करोड़ डौलर की धनराशि भी शामिल थी. इन सभी संपत्तियों को नुक़्सान की भरपाई के लिए बेचा जाएगा, हालांकि यह उस नुक़्सान का बहुत थोड़ा हिस्सा है.
लगभग दो दशकों तक मैडौफ़ की योजना पर अमरीका के वित्तीय व्यवस्थापकों का ध्यान नहीं गया, जिससे उस प्रणाली को पूरी तरह बदलने का आह्वान किया जा रहा है. न्यायाधीश के फ़ैसला सुनाने से पहले मैडौफ़ ने अदालत में अपनी धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्तियों से क्षमा याचना की.