कश्मीर घाटी में आज लगातार तीसरे दिन भी हजारों लोगों ने कर्फ्यू का उल्लंघन करके प्रदर्शन किया. इसी दौरान प्रदर्शन कारियों पर पुलिस की फायरिंग में मरने वालों की संख्या 4 पहुंच गई है.
बुधवार को एक 24 वर्षीय युवक आमिर की सूरा मेडिकल इन्स्टीट्यूट में मौत हो गई. मंगलवार को खानपुरा इलाके में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की फायरिंग में आमिर घायल हो गया था.
बारामुला में हजारों प्रदर्शनकारियों ने 'खून के बदले खून' और आजादी के नारे लगाते हुये भारत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किये. पुलिस ने प्रदर्शनों पर रोक लगाने की कोशिश की लेकिन लोगों ने कर्फ्यू का उल्लंघन करके प्रदर्शन किये.
ये प्रदर्शनकारी पुलिस फायरिंग में मारे गये एक युवक का शव भी अपने साथ लिये हुये थे जिसकी सोमवार को पुलिस फायरिंग में मौत हुई थी.
सुरक्षा बलों द्वारा बारामुला में एक युवती के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार से राज्य में शुरू हुये विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.
स्थानीय समाचार पत्रों के अनुसार बारामुला में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "पुलिस ने सीआरपीएफ के एक जवान के खिलाफ बिना वजह गोली चलाने का मामला दर्ज कर लिया है. और सीआरपीएफ के अधिकारियों से जवान को पुलिस के हवाले करने को कहा है."
हालात को देखते हुये राज्य सरकार ने बारामुला से सीआरपीएफ को हटाने का फैसला किया है.
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "सीआरपीएफ को कस्बे से हटा लिया गया है और राज्य सशस्त्र पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंप दी गई है."
सरकार ने पुलिस फायरिंग की न्यायिक जांच के आदेश दे दिये हैं...जांच रिपोर्ट 10 दिनों में दी जानी है. सरकार ने गोलीबारी में मारे गये युवकों के निकट संबंधियों को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने का भी ऐलान किया है.
हुर्रियत कॉन्फ्रेन्स द्वारा बुलाई गई हड़ताल के कारण श्रीनगर और घाटी के दूसरे शहरों में आज भी दुकानें और स्कूल नहीं खुले.