बीसीसीआई ने भारत में होने वाली भारत-ऑस्ट्रेलिया एक दिवसीय श्रृंखला के लिये शहरों का चयन कर लिया है. इस श्रृंखला में 25 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच दोनों टीमों के बीच 7 वनडे मैच खेले जायेंगे.
बीसीसीआई की टूर्नॉमेण्ट और फिक्स्चर समिति ने बुधवार को इस दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया है.
ये सात मैच मुंबई, जयपुर, हैदराबाद, नई दिल्ली, मोहाली, नागपुर और गोहाटी में खेले जायेंगे. हालांकि समिति ने अभी इस बात का फैसला नहीं किया है कि किस तारीख को कौन सा मैच कहां खेला जायेगा.
ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ्रीका में आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी से ठीक पहले भारत दौरे पर आयेगी.
हालांकि श्रीलंका-न्यूजीलैण्ड और भारत के बीच देश में ही होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला के लिये शहरों का चयन इस बैठक में नहीं किया जा सका है. बीसीसीआई कार्यसमिति की अगले महीने होने वाली बैठक में इस दौरे की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जायेगा.
श्रीलंका की टीम भी ऑस्ट्रेलिया के दौरे के तुरंत बाद भारत आ रही है...इस दौरे में वह तीन टेस्ट और पांच वनडे मैच खेलेगी.