मंगलवार को अमेरिकी सेनाएं इराक के शहरी इलाकों से हट गईं. इस बात का जश्न मानाने के लिए इराकी सरकार ने प्रभुसत्ता दिवस मनाया और लोगों को छुट्टी मिली. बगदाद मे इराकी सुरक्षा एजेंसियों ने परेड मे हिस्सा लिया और दिखाने की कोशिश की कि वह इराक मे कानून व्यवस्था बनाये रखने मे सक्षम हैं.
लेकिन उत्तरी इराक में एक कार बम विस्फोट मे करीब २६ लोगों की मौत ने इस बात का एहसास भी दिला दिया कि आगे रास्ता आसान नहीं है. इराक मे बहुराष्ट्रीय सेना के प्रमुख जनरल रेमंड ओडियर्नो ने कहा कि अभी चुनौतियां ख़त्म नहीं हुई हैं.
वॉशिंगटन में राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि इराक का भविष्य इराकियों के हाथों मे है और वहां के नेताओं को सोच समझ कर फैसले लेने होंगे. श्री ओबामा ने कहा कि इराक मे लडाई को जिम्मेदार तरीके से ख़त्म करना अमेरिका की ज़िम्मेदारी है.
अमेरिकी सेना के जो अधिकारी इराक के शहरी इलाकों मे हैं उनका काम होगा इराकी सुरक्षा एजेंसियों को प्रशिक्षण और सलाह देना. इराक में इस वक़्त करीब १ लाख ३० हज़ार अमेरिकी सैनिक हैं.