देश में स्वाइन फ्लू के 9 नये मामलों की आज जांच के बाद पुष्टि हो गई है. इसी के साथ देश में एच1एन1 विषाणु से संक्रमित रोगियों की संख्या 113 हो गई है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्व भर में 70,893 मामलों में रोगियों के इस फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हो गई है.
आज सामने आये मामलों में से 4 चेन्नई से हैं और बेंगलुरु और मुंबई से 2-2 और दिल्ली से एक मामले की पुष्टि हुई है.
ऑस्ट्रेलिया से पिछले हफ्ते चेन्नई आये एक ही परिवार के चार सदस्यों के परीक्षण में सभी के फ्लू से ग्रस्त होने की पुष्टि हो गई है.
अमेरिका से 25 जून को बैंगलोर आयी एक 38 वर्षीय महिला और उसकी 12 वर्षीय बेटी की जांच में भी उनके फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हो गई है.
कल सिडनी से दिल्ली आये एक 55 वर्षीय व्यक्ति की जांच के बाद उसके फ्लू से ग्रसित होने की पुष्टि होने के साथ ही देश में कुल संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 113 पहुंच गई है.