संसद का मॉनसून सत्र गुरुवार से शुरू हो रहा है. इस सत्र के काफी हंगामेदार होने की उम्मीद की जा रही है....स्थानीय समाचार माध्यमों में कहा जा रहा है कि सरकार लिब्राहन आयोग की रिपोर्ट को सदन के पटल पर रख सकती है.
हंगामें की संभावना को देखते हुये लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने पहले ही दिन सभी राजनीतिक दलों की साझा बैठक बुलाई है ताकि सदन की कार्यवाही को सुचारू ढंग से चलाने का रास्ता निकाला जा सके.
गुरुवार को ही लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण को पेश किया जायेगा. इसके बाद 3 जुलाई को रेल बजट को और 6 जुलाई को आम बजट पेश किया जायेगा.
लिब्राहन आयोग की रिपोर्ट और लालगढ़ में माओवादियों के विरुद्ध कार्यवाही और बजट को लेकर भाजपा, कांग्रेस और वामदलों के बीच सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है.
ये सत्र अगले महीने की 7 तारीख तक चलने की संभावना है.