पाकिस्तानी राज्य पंजाब की सरकार ने शुक्रवार को प्रतिबंधित
आतंकी संगठन जमात-उद-दवा के मुखिया हाफिज सईद को रिहा करने के लाहौर उच्च न्यायालय
के निर्णय को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
शुक्रवार सुबह सर्वोच्च न्यायालय में दाखिल अपील में
पंजाब सूबे की सरकार ने कहा है कि हाफिज सईद को उसकी खुद की सुरक्षा के लिये नज़रबंद
करना जरूरी है.
लाहौर हाईकोर्ट ने पिछले महीने की 2 तारीख को हाफिज सईद
को रिहा करने के आदेश दिये थे. मुंबई पर आतंकी हमले के संबंध में पाकिस्तान सरकार ने
उसे पिछले 6 महीनों से घर में कैद कर रखा था.
हाफिज सईद प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक
है. भारत सरकार भारत में होने वाले ज्यादातर हमलों के लिये लश्कर को जिम्मेदार मानती
है. पिछले महीने सईद की रिहाई पर भारत सरकार ने कड़ी आपत्ति जताते हुये कहा था कि इससे
प्रमाणित होता है कि पाकिस्तान सरकार आंतकवाद से लड़ने के लिये गंभीर नहीं है.