|
अमरीका में गोपनीयता बनाए रखने के तरीक़ों को लेकर और मतभेद
|
12/07/2009
|
|
 | | abc VP cheney 14oct01 150.jpg | भूतपूर्व राष्ट्रपति जौर्ज डब्ल्यू बुश के प्रशासन में ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारियों द्वारा कुछ बहुत ही गुप्त सूचनाएं संसद को बताने में कथित रूप से असफलता को लेकर विवाद जारी है.
रविवार को समाचार पत्र न्यू यार्क टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भूतपूर्व उप राष्ट्रपति डिक चेनी ने केन्द्रीय ख़ुफ़िया एजेंसी को आतंकवाद विरोधी कार्यक्रम के बारे में जानकारी गुप्त रखने के आदेश दिए थे. यह रिपोर्ट एक अज्ञात सूत्र से प्राप्त जानकारी पर आधारित है और इसमें ख़ुफ़िया गतिविधियों का बहुत ही अस्पष्ट विवरण दिया गया है.
अमरीकी क़ानून के अनुसार ख़ुफ़िया एजेंसियों को संसद के प्रमुख नेताओं को कुछ गतिविधियों के बारे में जानकारी देना अनिवार्य है.
रविवार को एक अमरीकी टेलीविज़न कार्यक्रम में बोलते हुए कैलीफ़ोर्निया राज्य से निर्वाचित डेमोक्रेटिक सेनेटर डायान फ़ाइन्सटीन ने कहा कि संसद को उस कार्यक्रम के बारे में पहले से नहीं बताया गया था, उन्होंने कहा यह बात फिर कभी नहीं होनी चाहिए.
टैक्सस राज्य से निर्वाचित रिपब्लिकन सेनेटर जौन कौर्निन ने कहा कि वह स्वीकार करते हैं कि संसद को बताया जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने डेमोक्रेटों द्वारा विभिन्न मुद्दों पर भूतपूर्व उप राष्ट्रपति डिक चेनी की आलोचना किए जाने पर आपत्ति जताई.
|