ब्रिटिश पुलिस ने कहा है कि पिछले हफ्ते हुई ६५ मिलियन डॉलर याने लगभग ३०० करोड़ रुपयों के जेवरों की चोरी के मामले में संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. यह चोरी ब्रिटेन के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी मानी जा रही है.
लन्दन की एक जानी मानी दूकान से यह चोरी की गयी थी. आज ब्रिटिश पुलिस ने इस सिलसिले में एक ५० वर्षीय व्यक्ति को पकड़ लिया. दूकान पर लगे सी सी टीवी विडियो कैमरा ने दो लोगों को कैद कर लिया था जिसके आधार पर पुलिस ने इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
ग्राफ्फ़ डायमंड नाम के इस स्टोर में अच्छे सूट बूट पहने हुए दो आदमी आये, लेकिन बाद में इन दोनों ने बन्दूक निकाली और दूकान में काम कर रहे लोगों को हीरे जवाहर उन्हें सौपने का आदेश दिया.
कुछ ही मिनटों में इन दोनों ने स्टोर से कीमती घडियां, ब्रेस्लेट्स, और अन्य जेवर चुरा लिए और फिर दूकान के बाहर जाकर हवा में दो गोलियां भी चलायी फिर यह दोनों गाड़ी में सवार होकर भाग गए. इस वारदात में कोई भी घायल नहीं हुआ.
पुलिस का यह भी मानना है कि इन चोरों ने इस दूकान से भागते समय और भी कई लोगों की मदद ली थी, क्योंकि भागते समय उन्होंने लगातार अपनी कार बदली.
२००३ में चोरों के एक जाने माने गैंग पिंक पैंथर ने इस स्टोर को लूटा था. लेकिन बाद में इन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया था.