स्वाइन फ्लू से मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. देश में इस बीमारी से शुक्रवार को दो और लोगों की मौत होने से इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 24 पहुंच गई है.
पुणे में एक 70 वर्षीय महिला और छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक किशोर की जान इस बीमारी ने ले ली.
70 वर्षीय पारुभाई शिंदे को 4 दिन पहले तेज ज्वर और फ्लू के लक्षणों की वजह से पुणे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बृहस्पतिवार को देर रात उनकी मौत हो गई.
पुणे में अब तक इस बीमारी से 15 लोगों की मौत हो चुकी है.
छत्तीसगढ़ में 18 वर्षीय सीताराम वर्मा की फ्लू की वजह से मौत हो गई. ये छत्तीसगढ़ में किसी रोगी की स्वाइन फ्लू से मौत का पहला मामला है.
भिलाई के रहने वाले सीताराम वर्मा को न्यूमोनिया और गले में संक्रमण की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
फ्लू से निपटने के लिये केंद्र सरकार ने निजी अस्पतालों को भी रोकथाम में शामिल करने की योजना बनाई है. सरकार ने आज विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया है ताकि निजी अस्पताल के चिकित्सकों को समुचित जानकारी और प्रशिक्षण दिया जा सके.