दिल्ली में पिछले 24 घंटों में स्वॉइन फ्लू से 2 रोगियों की मौत हो गई है. एच1एन1 वॉइरस के संक्रमण से एक 31 वर्षीय युवक और एक 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इस बीमारी से किसी के मरने का ये पहला मामला है.
गुड़गावं निवासी 31 वर्षीय सम्राट पाण्ड्या की बृहस्पतिवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मौत हो गई है. 4 दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेण्डेण्ट डॉ. एन.के. चतुर्वेदी ने बताया कि उनके ह्रदय और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था.
सम्राट पाण्ड्या के घरवालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
दिल्ली में ही एक और रोगी 38 वर्षीय रेणु गुप्ता की मौत बुधवार देर रात को हो गई थी. इसी के साथ इस बीमारी से देश में मरने वालों की संख्या 32 हो गई है.
अभी तक देश में एच1एन1 के 2 हजार मामलों की पुष्टि हो चुकी है जिनमें से अधिकांश को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.