भारत के आटो उद्योग पर मंदी का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है. सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबिल मैन्युफैक्चरर्स द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त महीने में गाड़ियों की बिक्री में २४ % की शानदार वृद्धि दर्ज की गई. आटो उद्योग के जानकारों का मानना है कि आगे आने वाले त्योहारों के मौसम में वाहनों की बिक्री में और वृद्धि होगी.
सियाम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस साल अगस्त में देश में १०,०८,७०२ गाड़ियां बिकी जबकि पिछले साल इसी महीने में ८,११,३४१ गाड़ियां ही बिकी थीं.
यात्री कारों की बिक्री में लगातार ७ महीनों से वृद्धि देखी जा रही है. और अगस्त में इसमें २५.५९ % की वृद्धि दर्ज की गई. जबकि अगस्त में मोटरसाइकिलों की बिक्री में लगभग २६ % की बढ़त हुई.
अगस्त में १ लाख २० हजार ६६९ यात्री कारों की बिक्री हुई जबकि पिछले साल इसी महीने में केवल ९६ हजार ८२ यात्री कारों की बिक्री हुई थी.
अगस्त में भारत में ६ लाख ११ हजार मोटरसाइकिलें बिकीं जबकि अगस्त २००८ में ४ लाख ८५ मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई थी.