प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह चार दिनों के विदेश दौरे पर कल अमेरिका रवाना हो रहे हैं. वहां पर वो जी-२० देशों की शिखर बैठक में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में आर्थिक मंदी से निपटने के उपायों को तेज करने और वित्तीय बाजारों को नियंत्रित करने वाले नियमों को मजबूत बनाने पर विचार किया जायेगा.
इस यात्रा में उनके साथ योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगें. डॉ. सिंह अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा आयोजित शिखर बैठक में भाग लेने के लिये २४-२५ सितंबर को पिट्सबर्ग में होंगे.
इस बैठक में जी-८ देशों के नेताओं के साथ भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नेता भी आर्थिक मंदी से निपटने के तरीके पर विचार करेंगे.
विश्व के सकल घरेलू उत्पादन का ९० प्रतिशत इन्हीं २० देशों में ही होता है...विश्व व्यापार में भी इन देशों का हिस्सा ८० प्रतिशत है और दुनिया की दो तिहाई आबादी इन्हीं २० देशों में ही रहती है.