अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को भारत ने एक बार फिर से पूरी तरह से नकार दिया है. विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपर भारत की संप्रभुता के किसी और को समर्पण करने का प्रश्न ही नहीं उठता है.
अरुणाचल प्रदेश में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, "ये हम स्पष्ट कर चुके हैं कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपर हमारे संप्रभु अधिकार को छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता है."
उन्होंने कहा, "पिछले 6-7 वर्षों में सीमा विवाद के मुद्दे पर चीन से 11 बार बातचीत हो चुकी है. और हम हर बार स्पष्ट कर चुके हैं कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपर चीन के दावे को हम किसी भी हालत में स्वीकार नहीं कर सकते हैं."
श्री मुखर्जी ने कहा कि भारत तिब्बत को चीन का स्वायत्तशासी राज्य मानता है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "आप लोग तिब्बत का नाम 'तिब्बत, चीन जन गणतंत्र का स्वायत्तशासी राज्य' ही लिखें...इसका अंतर्राष्ट्रीय महत्व है."