गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने मंगलवार को दिल्ली में कहा है कि माओवादियों ने पुलिस अधिकारी फ्रॉन्सिस इंदुवर की हत्या से पहले केंद्र सरकार के सामने कोई मांग नहीं रखी थी.
श्री फ्रॉन्सिस की हत्या को 'ठण्डे दिमाग से गिया गया कत्ल' बताते हुये गृहमंत्री ने स्पष्ट किया कि माओवादियों ने फ्रॉन्सिस की रिहाई के बदले अपने नेताओं को छोड़ने की मांग सरकार के सामने कभी नहीं रखी.
श्री फ्रॉन्सिस का सिर कटा शव मंगलवार सुबह रांची से थोड़ी दूर मिला है.
गृहमंत्री ने कहा, "यदि उनकी कोई मांग थी. तो उसे हमें बताना चाहिये था. लेकिन इस तरह ठण्डे दिमाग से कत्ल करने को हम सहन नहीं कर सकते हैं."
उन्होंने कहा, "झारखण्ड के पुलिस महानिदेशक ने मुझसे कहा था कि बंदियों की अदला-बदली की कोई मांग नहीं रखी गयी है. हम कानून का पालन करते हैं और बंदी न्यायालय के अधीन होते हैं. हम उन लोगों के साथ बंदियों की अदला-बदली नहीं कर सकते हैं जो कानून अपने हाथ में लेते हैं."