स्वाइन फ्लू से मंगलवार को देश में ४ और रोगियों की मौत हो गई है. इसके अलावा पहले मरे चार और मरीजों की जांच रिपोर्ट मंगलवार को ही मिल पायी है...इस रिपोर्ट में पाया गया है कि ये चारों रोगी भी एच१ एन१ विषाणु से ग्रस्त थे. इसी के साथ इस घातक बीमारी से देश में मरने वालों की संख्या ३५९ हो गई है.
मंगलवार को फ्लू से होने वाली चार मौतों में से दो मामले महाराष्ट्र से हैं जबकि गुजरात और आंध्र प्रदेश में एक-एक मरीज की मौत इस बीमारी से हुई है.
मंगलवार को ही एच1एन1 विषाणु से संक्रमण के १८५ नये मामलों की पुष्टि भी हुई है. ये सभी मामले देश में ही संक्रमण फैलने का नतीजा है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली में बताया कि इस बीमारी से अब तक देश में कुल ११,२५३ लोग संक्रमित हो चुके हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अभी तक ४७,१४५ लोगों का परीक्षण इस बीमारी के लिये किया जा चुका है जिसमें करीब २४ प्रतिशत मामलों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है.