माओवादियों द्वारा एक पुलिस अधिकारी की गला रेत कर हत्या किये जाने के बाद सरकार का रुख और कड़ा हो गया है. गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने मुंबई में कहा कि सुरक्षा बल तब तक उनके साथ लड़ाई छेड़ते रहेंगे जब तक वो हिंसा के रास्ते को त्याग नहीं देते. गृहमंत्री ने कहा कि नक्सल इलाके में वायुसेना के विमानों पर हमला होने की दशा में वायुसेना के पास जवाबी कार्यवाही का अधिकार रहेगा.
एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, "जब तक सीपीआई (माओवादी) सशस्त्र संघर्ष के रास्ते को नहीं छोड़ता तबतक हमारे पास इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है कि हम सुरक्षा बलों को उनके खिलाफ कार्यवाही करने को कहें."
उन्होंने कहा, "हम माओवादियों को गिरफ्तार करेंगे और उनका मुकाबला करेंगे."
उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलियों से मुकाबला करने को युद्ध नहीं मानती है. गृहमंत्री ने कहा, "हम अपने ही लोगों के खिलाप युद्ध नहीं छेड़ सकते हैं. लेकिन नक्सलियों और माओवादियों को हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतंत्र और बातचीत का रास्ता अपनाना होगा."