राहुल द्रविण ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में
भी शानदार शतक जड़कर टेस्ट मैचों में अपने कैरियर के 28 शतक पूरे कर लिये हैं. राहुल
द्रविण के 144 रनों की वजह से दूसरे दिन के खेल के बाद भारत ने 642 रनों का विशाल लक्ष्य
श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने रखा है.
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने खेल के दूसरे दिन बुधवार को
एक विकेट खोकर 66 रन बना लिये. मेहमान टीम के करिश्माई बल्लेबाज तिलकरथ्ने दिलशान बिना
कोई रन बनाये ही ऑउट हो गये. कप्तान कुमार सन्गाक्करा ने 30 और थारंगा परनविताना ने
30 रनों का योगदान दिया.
लेकिन मेहमान टीम अभी भी 576 रनों से पीछे चल रही है और
उसे इस चुनौती से बिना दिलशान के ही निपटना है.
इससे पहले बुधवार सुबह भारतीय टीम ने 2 विकेट पर 417
रनों के आगे खेलना शुरू किया और केवल 29 रनों में 6 विकेट गवां दिये. भारतीय बल्लेबाजों
ने 642 रनों के लिये 3 शतक और 2 अर्धशतक जड़े. 6 सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में अकेले
सचिन ऐसे थे जो बिना अर्धशतक बनाये 40 रन बनाकर ऑउट हो गये.