विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक हज़ यात्रा
की आज बुधवार को औपचारिक शुरुआत हो गई है. हज़ यात्रा पूरी करने के लिये दुनिया भर
से करीब 25 लाख मुस्लिम श्रद्धालु सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का पहुंच गये हैं.
सफेद कपड़े पहने हुये दुनिया भर से आये श्रद्धालुओं का
समूह मक्का की विशाल मस्जिद के अंदर स्थित क़ाबा के पास नमाज अदा करने के लिये आज बुधवार
सुबह को एकत्रित हुआ था.
हालांकि इस बार हज़ यात्रा पर स्वॉइन फ्लू का भी साया
देखा जा रहा है. इसके अलावा तूफानी बारिश और ईरानी तीर्थयात्रियों के विरोध प्रदर्शन
का भी असर चार दिनों की इस तीर्थयात्रा पर दिखाई पड़ेगा.
हज़ के कार्यक्रम शुरू होने के बाद फ्लू की वजह से अब
तक चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. हालांकि सऊदी अरब के स्वास्थ्य अधिकारियों ने
कहा है कि उन्हें अभी तक फ्लू के केवल 67 संदिग्ध रोगी ही मिले हैं.